शुक्रवार, 8 मार्च 2019

Rani Mera Naam (1972)

आज अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस है,महिला शक्ति को प्रतिदिन ही सुबह से रात्रि प्रत्येक परिवार में नमन किया जाता है किन्तु आज कुछ विशेष ही चर्चा ।
आज वर्ष 1972 में प्रदर्शित कम चर्चित फिल्म "रानी मेरा नाम " का जिक्र , तेलुगू और कन्नड़ फिल्मों के प्रसिद्ध निर्देशक के एस आर दास के सम्पादन,निर्देशन में बनी यह चलचित्र विदेशी फिल्म Death Rides A Horse का देशी संस्करण थी जो इटली में अगस्त 1967 में एवं UK, USA में 1969 में रिलीज़ हुई थी । यूं तो हिन्दी डब की हुई कई फिल्म्स ऐसे कथानक पर हिन्दी फिल्में आई किन्तु यह फिल्म मशहूर फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी की प्रथम फिल्म के रूप में जानी जाती है,जिसने बाल कलाकार के रोल में अभिनय किया साथ ही हिन्दी जगत के बेहतरीन कलाकारों यथा अशोककुमार,प्रेमनाथ,अजीत, मदन पुरी,विनोद मेहरा ने दक्षिण भारत की कलाकार विजयललिता जो की मुख्य भूमिका में थी,के साथ अभिनय किया ,संगीत राहुल देव बर्मन का था ।
फिल्म का कथानक महिला चरित्र पर ही केंद्रित था,चूंकि मुख्य पात्र विजय ललिता के पूरे परिवार को बचपन में ही बुरे व्यक्तियों के समूह द्वारा सामूहिक नरसंहार कर दिया जाता है,वो छुपकर इसे देख लेती है एवं उन खलनायकों के चिन्ह को ध्यान भी कर लेती है ,वयस्क होने पर वह उनसे बदला लेती है अकेली । फिल्म महिला के साहस,वीरता, सजगता को भलीभांति दिखाने में सफल भी रही ।
अच्छे सम्पादन एवं तीव्र गतिशील निर्देशित इस फिल्म ने दर्शकों का मन मोहा,वैसे भी आर डी बर्मन अपने सुरीले संगीत के कारण जाने जाते है ही साथ ही पार्श्व संगीत ने भी इस फिल्म को गति प्रदान की ।
इंदौर के यशवंत सिनेमा में इस फिल्म ने वितरक की लागत को न केवल वसूला अपितु लाभ भी दिया , इसी सिनेमा हाल में सात सप्ताह मनाये । इस फिल्म का साज सज्जा वाला decoration चित्र Scan कर साथ लगाया है  जो यशवन्त सिनेमा परिसर में दर्शकों को लुभाने के लिए लगाया गया | 

गुरुवार, 7 मार्च 2019

छोटा भाई (1966)

कल आत्मीय मित्र शशांक दुबे जी ने उनकी facebook वॉल पर राजकुमार बड़जात्या के निधन पर एक पोस्ट थी जिसमें श्री बड़जात्या के फिल्म निर्माण संस्था राजश्री प्रोडक्शन द्वारा निर्मित पारिवारिक फिल्मों के निर्माण का जिक्र था । मुंबई के फिल्म निर्माताओं के अलावा मद्रास (अब चेन्नई ) के निर्माताओं की भी लंबी सूची है जो इस तरह की फिल्मों का निर्माण करते थे,जिनमें जैमिनी ,वासु फिल्म्स,वीनस फिल्म्स इत्यादि ।
वर्ष 1966 में निर्मित ओलम्पिक पिक्चर्स, मद्रास की फिल्म "छोटा भाई "जो अब विस्मृत सी है,लेकिन जब प्रदर्शित हुई तो बड़ा धमाका तो नहीं कर पाई किन्तु अँग्रेजी की कहावत slow and steady wins the race जैसे दर्शकों के दिलों पर छा गयी ।
किस्सा यूँ है जब 24नवम्बर 1966 को इंदौर के रीगल सिनेमा में प्रदर्शित हुई तो शुरु में दर्शकों द्वारा उसे response नहीं मिल पाया जो फिल्म वितरक एवं प्रदर्शक दोनों के लिये चिन्ता का सबब रहा, तय किया की चूंकि फिल्म पारिवारिक है ,यदि महिलाओं को विशेष रूप से आकर्षित किया जाये तो शायद फिल्म को सफलता मिल सके । सो लगभग सौ परिवारों को वितरण संस्था द्वारा टिकट देकर इस फिल्म को दिखाया गया ।
परिणामस्वरूप जो फिल्म दो सप्ताह में ही दम तोडने वाली थी,उसी छविगृह में बारह सप्ताह सफलतापुर्वक दर्शकों को मोहने में कामयाब रही ।
फिल्म छोटा भाई में अभिनेत्री नूतन के अलावा रहमान,महेश कुमार, मास्टर रिप्पल,ललिता पवार आदि थे,साधारण कहानी जो देवर भाभी के स्नेह बन्धन पर बुनी गयी , दर्शकों, विशेष रुप से महिलाओं को आकर्षित करने में कामयाब रही, ऐसी फिल्म जिसमे आंसुओं से रूमाल भीग जाये। सभी कलाकारों का अभिनय देखने लायक था विशेष रूप से अभिनेत्री नूतन का अभिनय ।